उत्तरकाशी-प्रभारी मंत्री ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की ली समीक्षा बैठक,बीआरओ की दिखी बड़ी लापरवाही नेशनल हाईवे नहीं हुआ गड्ढा मुक्त जगह जगह मिट्टी के ढेर,यात्रा शुरू होने से पहले हाईवे को ठीक करने के निर्देश - PiyushTimes.com | Uttarkashi News

ब्रेकिंग न्यूज़




Tuesday, April 7, 2026

उत्तरकाशी-प्रभारी मंत्री ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की ली समीक्षा बैठक,बीआरओ की दिखी बड़ी लापरवाही नेशनल हाईवे नहीं हुआ गड्ढा मुक्त जगह जगह मिट्टी के ढेर,यात्रा शुरू होने से पहले हाईवे को ठीक करने के निर्देश

उत्तरकाशी-प्रभारी मंत्री ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की ली समीक्षा बैठक,बीआरओ की दिखी बड़ी लापरवाही नेशनल हाईवे नहीं हुआ गड्ढा मुक्त जगह जगह मिट्टी के ढेर,यात्रा शुरू होने से पहले हाईवे को ठीक करने के निर्देश




उत्तरकाशी।।जनपद में गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को खुलेंगे और यात्रा का शुभारंभ होगा।प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर मंदिर समितियों, होटल एसोसिएशन, बस एवं टैक्सी यूनियनों के पदाधिकारियों तथा जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में यात्रा को सुरक्षित,सुगम और व्यवस्थित बनाने पर विशेष जोर दिया गया। होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बीआरओ की लापरवाही पर बड़ी नाराजगी जताई क्योंकि अभी तक बीआरओ ने लैंडस्लाइड से जगह-जगह आई मिट्टी को नेशनल हाईवे से नहीं हटाया है और नहीं सड़क को गड्ढा मुक्त किया है। मंत्री ने गंगोत्री नेशनल हाईवे की  समीक्षा के दौरान स्थानीय हितधारकों ने आपदा से क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग  चढ़ेथी,लिमच्यागाड़ और गंगनानी और बंदरकोट से नगुंड पुल तक सड़क मार्ग को शीघ्र दुरुस्त करने और पूरे सड़क मार्ग को गड्ढामुक्त बनाने की मांग रखी। इस पर कैबिनेट मंत्री ने बीआरओ को निर्देश देते हुए कहा कि यात्रा शुरू होने से पहले सड़क मार्ग का सुधारीकरण कार्य हर हाल में पूरा किया जाए।




होटल एसोसिएशन द्वारा यात्रियों की सीमित संख्या की बाध्यता हटाने की मांग पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने निर्देश दिए कि ऑनलाइन व्यवस्था के साथ-साथ ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में पुलिस बैरियर डामटा एवं कटॉपत्थर को हटाने की मांग भी उठी,जिस पर कैबिनेट मंत्री ने डामटा बैरियर को हटाने के निर्देश एसपी को दिए तथा कटॉपत्थर बेरियर को भी हटाने का भरोसा दिया। वहीं होटल एसोसिएशन ने चारधाम यात्रा के दौरान स्पेशल पैकेज के तहत व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अतिरिक्त चारधाम यात्रा मार्ग पर सुलभ शौचालयों की व्यवस्थाओं को लेकर भी कैबिनेट मंत्री ने शौचालयों में तैनात कर्मियों का सत्यापन कर तीन दिन के भीतर सूची जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। स्थानीय हितधारकों की मांग पर कैबिनेट मंत्री ने धार्मिक स्थलों पर मास, मदिरा का उपयोग न हो तथा किसी की संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। 



पशुपालन,दुग्ध विकास, मत्स्य पालन,गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, प्रोटोकॉल, कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने इससे पूर्व मत्स्यपालकों को आईस बॉक्स वितरित किए। उन्होंने कहा कि ट्राउट मछली की कोल्ड चेन बनाए रखने के लिए यह पहल अत्यंत महत्वपूर्ण है,इससे मत्स्यपालकों को अपनी उपज सुरक्षित रखने में सहायता मिलेगी। साथ ही वे आईटीबीपी व उत्तरकाशी को ताज़ी मछली की नियमित आपूर्ति कर बेहतर आय अर्जित कर सकेंगे।बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान,डीएम प्रशान्त आर्य,एसपी कमलेश उपाध्याय,सीडीओ जयभारत सिंह,विधायक सुरेश चौहान, यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल,दर्जा राज्य मंत्री प्रताप पंवार,जगत सिंह चौहान, रामसुंदर नौटियाल,जिलाध्यक्ष भाजपा नागेंद्र सिंह चौहान,प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा डॉ.स्वराज विद्वान,प्रदेश मीडिया प्रभारी भाजपा मनवीर चौहान,पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण,केदार सिंह रावत,ब्लाक प्रमुख राजदीप परमार,ममता पंवार,जिला पंचायत सदस्य दीपेंद्र कोहली,होटल एसोसिएशन अध्यक्ष शैलेन्द्र मटूड़ा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं बस व टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी वर्चुल माध्यम से जुड़े रहे। 




-: कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने 217.33 लाख की लागत से आईटीआई भवन का किया लोकार्पण,युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर।




उत्तरकाशी।।जनपद दौरे पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मंगलवार को जोशियाड़ा में 217.33 लाख रुपये की लागत से नव निर्मित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाला कोई भी छात्र अब डिग्री लेकर बेरोजगार नहीं रहेगा, बल्कि सरकार उन्हें स्वरोजगार और रोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सीमांत जिलों के युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर तकनीकी शिक्षा और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पीएम सेतु हब स्कोप मॉडल लागू किया  है। साथ ही प्रदेश में पहली बार डीएसटी मॉडल शुरू किया है,जिससे युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण का लाभ मिल रहा है। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि उत्तरकाशी की आईटीआई को भी शीघ्र ही डीएसटी मॉडल से जोड़ा जाएगा।



कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उत्तरकाशी आईटीआई को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे यहां के विद्यार्थियों को उन्नत तकनीकी प्रशिक्षण मिल सके। उन्होंने कहा कि बड़कोट की आईटीआई को पहले ही सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के तहत टाटा टेक्नोलॉजी से जोड़ा जा चुका है,जिसका सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है।कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आईटीआई जैसे संस्थान युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि युवाओं को स्वरोजगार और रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि नए भवन के निर्माण से क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक सुविधाओं के साथ प्रशिक्षण प्राप्त होगा और वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकेंगे।



No comments:

Post a Comment