उत्तरकाशी-प्रभारी मंत्री के कार्यक्रम में हंगामा,कांग्रेसियों को पुलिस ने गेट पर रोका,तीखी नोंकझोंक
उत्तरकाशी।।जनपद मुख्यालय स्थित राजकीय कीर्ति इंटर कॉलेज में आयोजित सेवा संकल्प कार्यक्रम के दौरान उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा को ज्ञापन देने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के गेट पर ही रोक दिया।जानकारी के अनुसार कांग्रेस कार्यकर्ता जनपद की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रभारी मंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपना चाहते थे। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़े, तभी वहां तैनात पुलिस बल ने उन्हें मुख्य गेट पर रोक दिया। कार्यकर्ता मंत्री से मिलने की मांग पर अड़ गए और वहीं प्रदर्शन शुरू कर दिया।
-:पुलिस से तीखी नोकझोंक, कपड़े तक फटे।।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। धक्का-मुक्की में कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कपड़े तक फटने की बात सामने आई, जिसके बाद माहौल और गरमा गया। कार्यक्रम स्थल पर काफी देर तक अफरा-तफरी और तनाव की स्थिति बनी रही। मामला में बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन हंगामा नहीं थमा। इसके बाद पुलिस ने सभी कार्यकर्ताओं को बस में बैठाकर कार्यक्रम स्थल से रवाना किया, तब जाकर स्थिति शांत हुई।हालांकि पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी बनी हुई है। कांग्रेस का कहना है कि वे लोकतांत्रिक तरीके से ज्ञापन देना चाहते थे, जबकि प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम में व्यवधान न हो, इसके लिए एहतियातन कार्रवाई की गई।





No comments:
Post a Comment
Note: Only a member of this blog may post a comment.