उत्तरकाशी-ध्याणी मिलन समारोह में उमड़ा आस्था और अपनत्व का संगम,ढोल-दमाऊं की धुनों के साथ ध्याणियों का हुआ भव्य स्वागत
उत्तरकाशी।।जनपद के सीमांत विकासखंड भटवाड़ी के ग्राम सभा द्वारि में भगवान श्री कंडार देवता के पावन सानिध्य में भव्य ध्याणी मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा और आस्था, संस्कृति एवं अपनत्व का अद्भुत संगम देखने को मिला।ढोल-दमाऊं की धुनों के साथ ध्याणियों का स्वागत किया गया।द्वारि गांव अपने मायके की धरती पर पहुंची ध्याणियों का ग्रामीणों ने ढोल-दमाऊं की मंगल धुनों और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया। अपनों से मिलकर ध्याणियों के चेहरे खुशी और भावुकता से खिल उठे जिससे गांव के वातावरण को आनंदमय बना दिया। गांव की मातृशक्ति, बुजुर्गों और युवाओं ने इस स्वागत समारोह में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
-:पहाड़ की धरती पर सबसे ऊंचा है ध्याणियों का स्थान।।
पहाड़ की संस्कृति में ध्याणी का स्थान सबसे ऊंचा माना जाता है। ध्याणी-ब्वारी का रिश्ता केवल रिश्तेदारी नहीं, बल्कि प्रेम, सम्मान और भावनाओं का अटूट बंधन है। इसी परंपरा और भावना को जीवंत करता यह आयोजन सामाजिक रिश्तों को मजबूत बनाता है।
-:लोक संस्कृति और देव परंपरा की दिखी मनमोहक झलक।।
द्वारि गांव में ध्याणी समारोह में गढ़वाली लोक संस्कृति, देव परंपराओं और पारंपरिक वेशभूषा की मनमोहक झलक देखने को मिली। लोक गीतों और पारंपरिक नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध गढ़वाली संस्कृति को सहेजने और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और पहाड़ की विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।इस अवसर पर चारधाम विकास परिषद के पूर्व अध्यक्ष सूरतराम नौटियाल, भाजपा के वरिष्ठ नेता जगमोहन सिंह रावत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनीता रावत,जिला पंचायत प्रतिनिधि अनिल रावत, सेवानिवृत्त अजय सिंह राणा, ग्राम जखोल के प्रधान रमोला, गोरशाली के प्रधान उपेंद्र रावत, मल्ला क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मण सिंह, जखोल क्षेत्र पंचायत सदस्य शिबोम, लाटा क्षेत्र पंचायत सदस्य आकाश, लोकगायक त्रेपन सिंह सेलानी सहित पूर्व प्रधान आशा बुटोला, पूर्व पंचायत सदस्य पिंकी राणा, पूर्व प्रधान रेखा, ग्राम प्रधान सोना थनवान, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राजकेंद्र थनवान सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता कु. अनीशा, भारती, ममता, पूनम, महिला मंगल दल अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान सज्जन सिंह नेगी तथा समस्त ग्रामवासियों ने की।






No comments:
Post a Comment
Note: Only a member of this blog may post a comment.