उत्तरकाशी-यात्रा शुरू होने से पहले जिलाधिकारी ने गंगोत्री धाम का किया निरीक्षण,यात्रा व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के दिए निर्देश - PiyushTimes.com | Uttarkashi News

ब्रेकिंग न्यूज़




Friday, April 17, 2026

उत्तरकाशी-यात्रा शुरू होने से पहले जिलाधिकारी ने गंगोत्री धाम का किया निरीक्षण,यात्रा व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के दिए निर्देश

उत्तरकाशी-यात्रा शुरू होने से पहले जिलाधिकारी ने गंगोत्री धाम का किया निरीक्षण,यात्रा  व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के दिए निर्देश 



-:गंगोत्री धाम में सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से होगी निगरानी; सुरक्षा, सफाई और सुविधाओं पर विशेष फोकस




उत्तरकाशी।।19 अप्रैल से  चारधाम यात्रा का शुभारंभ होगा जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और जायजा लिया वहीं चारधाम यात्रा सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुचारू रूप से चले इसके लिए   जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सभी यात्रा तैयारियों को जल्द पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग से लेकर गंगोत्री धाम परिसर तक संचालित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग की स्थिति का निरीक्षण करते हुए सीमा सड़क संगठन तथा अन्य कार्यदायी संस्थाओं द्वारा किए जा रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी  ने धाम परिसर में सुरक्षा और निगरानी को सुदृढ़ करने हेतु सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा कंट्रोल रूम को 24×7 सक्रिय रखने के निर्देश दिए एवं श्रद्धालुओं को सभी जरूरी जानकारी तय समय से मिलती रहे इसके लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम को नियमित रूप से संचालित रखने को कहा।




जिलाधिकारी ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों से मिलकर आरती एवं पूजा-अर्चना के समय निर्धारण की  जानकारी लेते हुए श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित तरीके से दर्शन का अवसर उपलब्ध कराए जाने और अनावश्यक भीड़ को प्रबंधित करने के लिए सभी जरूरी इंतजाम करने निर्देश दिये।जिलाधिकारी ने धाम परिसर में साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं और सुरक्षा प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम रखने के निर्देश देते हुए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते एवं यात्रा व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद बनाए रखने के निर्देश दिये।जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को गरिमामय, सुव्यवस्थित सहज और सुरक्षित यात्रा अनुभव प्रदान करना है। इसके लिए बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ किया गया है, स्वास्थ्य सेवाओं तथा यातायात प्रबंधन के प्रभावी इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तत्परता एवं समर्पण के साथ यात्रा कार्यों में जुटा है, ताकि देवभूमि आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को एक सुखद, सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा अनुभव प्राप्त हो सके।इस दौरान डीडीएमओ शार्दूल गुसांई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




-:जिलाधिकारी के निर्देशों पर एक्शन मोड में प्रशासन;यमुनोत्री ट्रैक मार्ग पर व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण





जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों के अनुपालन में एसडीएम बड़कोट ब्रजेश तिवारी ने गुरुवार को विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ यमुनोत्री ट्रैक रूट का सघन निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के सुगम और सुव्यवस्थित संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद रखी जाए। यात्रा के दौरान देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन करने में किसी प्रकार की असुविधा ना हो और यहां से वे एक सुखद अनुभव लेकर लौटें। एसडीएम ने निरीक्षण के दौरान जानकी चट्टी से लेकर यमुनोत्री धाम तक पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।  मार्ग में स्थित शौचालयों को तत्काल दुरुस्त कर सुचारू करने के निर्देश दिये तथा यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु जल संस्थान द्वारा जगह-जगह स्टैंड पोस्ट और भैरव मंदिर में लगाए आरओ सिस्टम की भी जांच की। घोड़े-खच्चरों के लिए रबाडा गेट, राम मंदिर और भंगेली गाड में सोलर वाटर हीटर से गर्म पानी की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। यात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए  कुछ स्थानों पर सुलभ शौचालयों और मेडिकल रिस्पांडर कक्षों के दरवाजे क्षतिग्रस्त मिलने पर उन्हें तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया यमुनोत्री मुख्य धाम में सिंचाई विभाग द्वारा 6 चेंजिंग रूम, घाटों का समतलीकरण और पूजा-पाठ के लिए लोहे की नई पुलिया का निर्माण कर लिया गया है, जिससे श्रद्धालु सुगम एवं सुरक्षित ढंग से दर्शन कर सकेंगे।


No comments:

Post a Comment