उत्तरकाशी-त्रैवार्षिक पौराणिक 'भेड़ू का तमाशा मेले का भव्य शुभारंभ, पूर्व विधायक सजवाण ने किया भगवान सोमेश्वर से क्षेत्र की सुख समृद्धि की कामना - PiyushTimes.com | Uttarkashi News

ब्रेकिंग न्यूज़



Sunday, September 13, 2026

उत्तरकाशी-त्रैवार्षिक पौराणिक 'भेड़ू का तमाशा मेले का भव्य शुभारंभ, पूर्व विधायक सजवाण ने किया भगवान सोमेश्वर से क्षेत्र की सुख समृद्धि की कामना

उत्तरकाशी-त्रैवार्षिक पौराणिक 'भेड़ू का तमाशा मेले का भव्य शुभारंभ, पूर्व विधायक सजवाण ने किया भगवान सोमेश्वर से क्षेत्र की सुख समृद्धि की कामना 





उत्तरकाशी।।जनपद में गंगोत्री विधानसभा के वरुणाघाटी क्षेत्र स्थित उपरीकोट गांव में त्रैवार्षिक पौराणिक "भेड़ू का तमाशा" मेले का प्रथम दिवस बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। मेले में गंगोत्री के पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण सम्मिलित हुए।भगवान सोमेश्वर महाराज के दरबार में पहुंचे।पूर्व विधायक सजवाण ने मेले में पहुंचकर सर्वप्रथम क्षेत्र के आराध्य देवता भगवान सोमेश्वर महाराज के मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान के दर्शन कर समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की और देव आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।



-:क्या है 'भेड़ू का तमाशा' की पौराणिक मान्यता?।।


उत्तरकाशी  जनपद के वरुणा घाटी में स्थानीय मान्यताओं के अनुसार यह मेला केवल एक मेला नहीं, बल्कि आस्था और पशुपालन परंपरा का संगम है। इस मेले में सुदूर ऊंचे बुग्याली क्षेत्रों में महीनों तक चरने के बाद सकुशल गांव लौटी भेड़ों को भगवान समेश्वर महाराज के मंदिर की परिक्रमा कराई जाती है। इसे पशुधन की रक्षा और समृद्धि के लिए ईश्वर के प्रति आभार व्यक्त करने का प्रतीक माना जाता है। यह परंपरा सदियों से चली आ रही है।



-:आधुनिकता में भी जीवंत है लोकसंस्कृति - पूर्व विधायक सजवाण।।



वहीं इस अवसर पर पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने कहा कि उत्तराखंड के पारंपरिक थौलू और मेले हमारी आस्था, लोकसंस्कृति और अपनी जड़ों से जुड़ाव का जीवंत माध्यम हैं।पूर्व विधायक सजवाण ने  कहा कि  "आधुनिकता के इस दौर में भी उपरीकोट के ग्रामीणों ने जिस श्रद्धा, समर्पण और उत्साह के साथ अपनी पौराणिक धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखा है, वह अत्यंत सराहनीय है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी है।"उन्होंने आगे कहा कि ऐसे आयोजन केवल धार्मिक आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, लोक परंपराओं के संरक्षण और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के सशक्त माध्यम भी हैं। इन परंपराओं को संरक्षित और आगे बढ़ाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।पूर्व विधायक सजवाण ने समस्त क्षेत्रवासियों को पौराणिक "भेड़ू का तमाशा" मेले की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और भगवान समेश्वर महाराज से सभी के जीवन में मंगल की कामना की।इस अवसर पर ग्राम प्रधान भूपेंद्र चौहान, जिला पंचायत सदस्य हीरालाल शाह, जिला पंचायत प्रतिनिधि अनिल रावत, राजेंद्र राजू राणा, ज्येष्ठ उप प्रमुख भटवाड़ी श्रीमती मीरा, भाजपा महामंत्री महावीर नेगी, रविराज नेगी, सुनील कुमार, विनोद नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु ग्रामीण मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Note: Only a member of this blog may post a comment.