देहरादून-मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट किया जारी, SDRF अलर्ट मोड पर, सेनानायक ने ली समीक्षा बैठक दिए जरूरी दिशा निर्देश
देहरादून।। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।राज्य में भारी से भारी बारिश हो सकती है इसी को लेकर SDRF को हाई अलर्ट पर रखा गया है। SDRF कमांडेंट अर्पण यदुवंशी ने प्रदेशभर में तैनात SDRF टीमों की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक ली और ऑरेंज अलर्ट के लिए SDRF अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
सेनानायक द्वारा सभी टीमों को निर्देश दिए गए कि अपने-अपने क्षेत्रों में नदियों, गदेरों, नालों, संवेदनशील ढलानों एवं अन्य संभावित आपदा प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही आसपास के स्थानीय लोगों को भी मौसम एवं संभावित जोखिमों के संबंध में जागरूक करते हुए आवश्यक सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया जाए। सेनानायक निर्देशित किया कि सभी टीमें अपने क्षेत्र का मौसम एवं परिस्थितियों संबंधी अपडेट लगातार SDRF कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराती रहें, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में सेनानायक ने रेस्क्यू के दौरान कार्मिकों की व्यक्तिगत सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी जवान अपने सुरक्षा उपकरणों, लाइफ जैकेट, हेलमेट, रोप रेस्क्यू उपकरण एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता सुनिश्चित कर लें। उन्होंने टीमों को निर्देशित किया कि स्वयं की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए ही रेस्क्यू ऑपरेशन को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।SDRF उत्तराखंड मौसम विभाग के अलर्ट के मद्देनजर प्रदेशभर में अपनी सभी टीमों के माध्यम से स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित रेस्क्यू एवं राहत कार्यों के लिए पूरी तरह तैयार है।







No comments:
Post a Comment
Note: Only a member of this blog may post a comment.