उत्तरकाशी-सिल्क्यारा टनल में हादसा मजदूर की मौत, जिलाधिकारी ने एसडीएम बड़कोट को दिए सुरक्षा मानकों के जांच के आदेश
उत्तरकाशी।। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर बहुचर्चित सिलक्यारा टनल में देर रात लगभग 2 बजे एक हादसा हो गया जिसमें एक श्रमिक की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बड़कोट की ओर से लगभग 900 मीटर टनल के अंदर (शॉटक्रीट) लाइनिंग का एक ब्लॉक टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से झारखंड के 21 वर्षीय एक मज़दूर की मृत्यु हो गई। NHIDCL द्वारा घटना की विस्तृत जांच एवं तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार की जा रही है। दुर्घटना के लक्षण एवं अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही की जाएगी। मजदूर की मौत पर मजदूरों ने आरोप लगाया की टनल के अंदर सुरक्षा के पुख़्ता इंतजाम नहीं थे। जिसके कारण घटना हुई। मजदूर NHIDCL कंपनी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे है।
वहीं मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने घटना की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी बड़कोट को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि वे मौके पर जाकर स्थिति का विस्तृत जायजा लें, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाएं और कार्यदायी संस्था के सुरक्षा मानकों की गहनता से जांच करें। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता पहुंचाने व अन्य विधिक प्रक्रिया पूरी करने तथा टनल के भीतर अन्य श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व वैधानिक कदम तुरंत उठाए जाएं।





No comments:
Post a Comment
Note: Only a member of this blog may post a comment.