बड़ी खबर-भूस्खलन और खराब मौसम के कारण सड़क मार्ग में फंसे 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं का SDRF की टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू - PiyushTimes.com | Uttarkashi News

ब्रेकिंग न्यूज़



Wednesday, May 20, 2026

बड़ी खबर-भूस्खलन और खराब मौसम के कारण सड़क मार्ग में फंसे 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं का SDRF की टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

बड़ी खबर-भूस्खलन और खराब मौसम के कारण सड़क मार्ग में फंसे  10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं का SDRF की टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू 





रुद्रप्रयाग।।जनपद में  केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोनप्रयाग–गौरीकुंड के मध्य मुनकटिया क्षेत्र में अचानक भूस्खलन होने से मुख्य सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया। मार्ग बाधित होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु बीच रास्ते में फंस गए। रात्रि का समय, खराब मौसम, पहाड़ी क्षेत्र से लगातार हो रहे भूस्खलन तथा यात्रियों की भारी भीड़ के कारण स्थिति अत्यंत चुनौतीपूर्ण बनी हुई थी।घटना की सूचना DCR रुद्रप्रयाग द्वारा रात्रि 8:16 बजे SDRF को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक  आशीष डिमरी के नेतृत्व में SDRF सोनप्रयाग टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर SDRF एवं NDRF की संयुक्त टीम द्वारा राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया।



सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर SDRF टीमें पूर्व से ही यात्रा मार्ग पर संभावित आपदाओं एवं आपात परिस्थितियों से निपटने हेतु पूर्ण रूप से तैयार एवं सतर्क थीं। इसी पूर्व तैयारी, त्वरित रिस्पॉन्स एवं प्रभावी समन्वय के चलते SDRF टीमों द्वारा इतने बड़े स्तर पर सफल रेस्क्यू अभियान संचालित किया जा सका।



संयुक्त टीमों द्वारा अत्यंत जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में सूझबूझ, धैर्य एवं साहस का परिचय देते हुए सड़क के दूसरी ओर फंसे लगभग 10,450 श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से मार्ग पार कराया गया। लगातार बारिश और अंधेरे के बीच जवानों ने श्रद्धालुओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया।रेस्क्यू कार्य पूर्ण होने के उपरांत जेसीबी मशीनों की सहायता से मार्ग पर आए मलबे को हटाने का कार्य किया गया, जिसके बाद सड़क मार्ग को पुनः सुचारु कर वाहनों की आवाजाही शुरू कराई गई।SDRF एवं NDRF द्वारा समन्वित रूप से किए गए इस राहत एवं बचाव कार्य ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में हजारों श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा एक बार फिर आपदा की घड़ी में सुरक्षा बलों की तत्परता, मानवता एवं सेवा भावना को प्रदर्शित किया।

No comments:

Post a Comment

Note: Only a member of this blog may post a comment.