उत्तरकाशी- हरेला पर्व पर एवरेस्ट विजेता नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल अमित बिष्ट का नागरिक सम्मान - PiyushTimes.com | Uttarkashi News

ब्रेकिंग न्यूज़



Friday, July 16, 2021

उत्तरकाशी- हरेला पर्व पर एवरेस्ट विजेता नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल अमित बिष्ट का नागरिक सम्मान

 उत्तरकाशी- हरेला पर्व पर  एवरेस्ट विजेता नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के  प्रधानाचार्य कर्नल अमित बिष्ट का नागरिक सम्मान

उत्तरकाशी।।आज  श्याम स्मृति वन में हरेला पर्व का शुभारंभ मुख्य अतिथि निम के प्राचार्य कर्नल अमित बिष्ट व विशिष्ट अतिथि सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर हेमन्त कुमार ने पारिजात का पौधरोपण के साथ किया। हरेला पर्व पर गणमान्य लोगों द्वारा एवरेस्ट फतह करने वाले नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल अमित बिष्ट का माल्यार्पण कर पुष्पगुच्छ व शाॅल भेंट कर नागरिक सम्मान किया गया। कर्नल अमित बिष्ट ने श्याम स्मृति वन का अवलोकन कर जैवविविधता व प्रकृति संरक्षण के लिए  प्रताप सिंह पोखरियाल पर्यावरण प्रेमी द्वारा किये गये योगदान की सराहना की व एनआइएम में हर्बल गार्डन बनाने की सहमति भी प्रदान की। कमांडर हेमन्त कुमार ने भी प्रताप पोखरियाल के पर्यावरणीय कार्यों की भूरी भूरी प्रशंसा की तथा कहा कि इसी तरह हम सभी प्रकृति को करीब से जानें व समझे क्योंकि जिस प्रकृति में हम पले बढ़े हैं उसका कर्ज चुकाने की छोटी छोटी कोशिशें जरूर करें। 

सेवानिवृत प्रशासनिक अधिकारी सुभाष चन्द्र नौटियाल ने हरेला के बारें में कहा कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार हरेला पर्व भगवान शिव के विवाह की जयंती के रूप में मनाया जाता है। प्रकृति संरक्षण के लिए यह भी मान्यता है कि श्रावण मास में किसी भी वृक्ष की टहनी बिना जड़ के ही अगर जमीन में रोप दी जाय तो वह एक वृक्ष के रूप में ही बढ़ने लगती है। गंगा आरती समिति उतरकाशी के अध्यक्ष उमेश प्रसाद बहुगुणा ने कहा कि हरेला त्योहार के दिन विशेष रूप से फलदार वृक्ष लगाने का प्रचलन है, जो कि पर्यावरण के प्रति हमारी कर्तव्य निष्ठा और प्रकृति प्रेम को भी दर्शाता है। 

इस अवसर हिमालय प्लांट बैंक के संरक्षक माधव प्रसाद जोशी, सदस्य डाॅ. शम्भू प्रसाद नौटियाल, रोटरी क्लब अध्यक्षा रजनी चौहान, मोहन डबराल, सुशील डिमरी, आदेश नौटियाल तथा शान्ति परमार आदि मौजूद थे। हिमालय प्लांट के सदस्यों द्वारा मुख्य शिक्षा अधिकारी वीपी सेमल्टी की उपस्थिति में आज प्रातः जीआईसी व जीजीआईसी परिसर में भी वृक्षारोपण किया गया।



रिपोर्ट-हेमकान्त नौटियाल

No comments:

Post a Comment

Note: Only a member of this blog may post a comment.