उत्तरकाशी-रैथल के पारंपरिक भेड़ मेले में आस्था और लोक संस्कृति का दिखा अद्भुत संगम,भगवान समेश्वर महाराज और माँ बगमुंडी के दर्शन कर पूर्व विधायक सजवाण ने की क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना
उत्तरकाशी।।जनपद के टकनौर क्षेत्र के पंचगांई पट्टी के ऐतिहासिक रैथल गांव में आयोजित प्रसिद्ध पारंपरिक भेड़ मेले में आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। मेले में पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण ने सम्मिलित होकर भगवान समेश्वर महाराज एवं माँ बगमुंडी के दर्शन-पूजन कर पंचगांई सहित समस्त टकनौर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
-:बुग्याली क्षेत्रों से आई भेड़ों की परिक्रमा बनी मुख्य आकर्षण।।
मेले का प्रमुख आकर्षण सुदूर बुग्याली क्षेत्रों से लाई गई भेड़ों की टोलियां रहीं। सैकड़ों भेड़ों ने घंटियों की मधुर ध्वनि और लोक वाद्य यंत्रों के बीच विधि-विधान से भगवान समेश्वर महाराज एवं माँ जगदम्बा की परिक्रमा की। आस्था और लोक परंपरा से जुड़ा यह अनूठा दृश्य मेले में श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। यह परंपरा हमारी समृद्ध लोक संस्कृति एवं सदियों पुरानी पौराणिक विरासत की जीवंत पहचान है।
-:भेड़ मेला है बुग्याली संस्कृति का जीवंत प्रतिबिंब-:सजवाण
इस अवसर पर पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने कहा कि रैथल गांव टकनौर क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और धार्मिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन में सदैव अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा, "भेड़ मेला केवल एक धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी पौराणिक परंपराओं, ग्रामीण जीवनशैली और बुग्याली संस्कृति का जीवंत प्रतिबिंब है। ऐसे आयोजनों से हमारी लोक संस्कृति को संरक्षण मिलता है तथा युवा पीढ़ी अपनी परंपराओं से परिचित होती है।पूर्व विधायक सजवाण ने पंचगांई रैथल, नटिन, क्यार्क, बन्द्राणी एवं भटवाड़ी के समस्त ग्रामवासियों को लोक संस्कृति एवं पौराणिक परंपराओं के संरक्षण के लिए ऐसे भव्य आयोजन के निरंतर आयोजन हेतु हार्दिक साधुवाद एवं शुभकामनाएं दीं।
-;गणमान्य लोग रहे मौजूद।।
मेले में भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नत्थी लाल शाह, वरिष्ठ भाजपा नेता खुशहाल नेगी, जयवीर चौहान, कलम सिंह राणा, पूर्व राज्यमंत्री घनानंद नौटियाल, ज्येष्ठ प्रमुख प्रतिनिधि कमलेश कुमार, पंचमालगुजार किशन सिंह राणा, राजकेंद्र थनवान, मनोज राणा, विपिन राणा, मनवीर रावत, ग्राम प्रधान बुद्धि लाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य मोहन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।










No comments:
Post a Comment
Note: Only a member of this blog may post a comment.