उत्तरकाशी-कुशकल्याण को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर दिलाएंगे मजबूत पहचान- विजयपाल सजवाण
-:पूर्व विधायक ने कहा प्राकृतिक संपदा के संरक्षण के साथ बुनियादी सुविधाओं का विकास है जरूरी
उत्तरकाशी।।जनपद के नाल्डकठूड़ सिल्ला गांव में आयोजित दो दिवसीय कुशकल्याण पर्यटन मेला भव्यता और सांस्कृतिक रंगों के साथ संपन्न हुआ। कुशकल्याण पर्यटन एवं पर्यावरण उत्थान समिति सिल्ला, जौड़ाव एवं भेलाटिपरी द्वारा आयोजित इस मेले में पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।तीनों गांवों के ग्रामीणों के निमंत्रण पर मेले में पहुंचे पूर्व विधायक सजवाण का स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। श्री चंदनागिरी नाग देवता मंदिर के प्रांगण में आयोजित इस मेले को उन्होंने प्रकृति, संस्कृति और आस्था का सुंदर संगम बताया।
पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने आयोजकों और समस्त क्षेत्रवासियों को इस भव्य एवं सार्थक आयोजन के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि कुशकल्याण उत्तरकाशी ही नहीं बल्कि पूरे उत्तराखंड की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत का अनमोल खजाना है।"विशाल बुग्याल, मनमोहक प्राकृतिक दृश्य, दुर्लभ जैव विविधता और समृद्ध लोक-संस्कृति से परिपूर्ण यह क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से अपार संभावनाएं रखता है। आवश्यकता इस बात की है कि इन संभावनाओं को योजनाबद्ध तरीके से विकसित कर कुशकल्याण को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूती से स्थापित किया जाए।
पूर्व विधायक ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केवल प्रचार-प्रसार ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि बेहतर सड़क, संचार, पेयजल, आवास, बिजली और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पर्यटन के विकास के साथ स्थानीय युवाओं, महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीणों को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर क्षेत्र की आर्थिकी को मजबूत किया जा सकता है।
विजयपाल सजवाण ने भरोसा दिलाया कि कुशकल्याण क्षेत्र के पर्यटन एवं बुनियादी विकास को गति देने तथा क्षेत्र की आवाज को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।इस अवसर पर उन्होंने जिला पंचायत सदस्य सालू ज्योति राणा, ग्राम प्रधान सिल्ला सुमित्रा रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य पार्वती नेगी, ग्राम प्रधान जौड़ाव अनीता राणा, प्रधान भेलाटिपरी सरोज राणा सहित समस्त आयोजन समिति और तीनों गांवों के ग्रामीणों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, ब्लॉक प्रमुख डुंडा राजदीप परमार, मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, जिला पंचायत प्रतिनिधि राजेंद्र ‘राजू’ राणा, अनिल रावत, देवेंद्र नाथ, सुभाष रावत, भाजपा मंडल महामंत्री एवं प्रधान प्रतिनिधि विनोद रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









No comments:
Post a Comment
Note: Only a member of this blog may post a comment.