उत्तरकाशी-पुलिस अधीक्षक ने यात्रा मार्ग का किया स्थलीय निरीक्षण,यात्रियों से किया जनसंवाद पुलिस अधिकारियों को अलर्ट रहने के दिए निर्देश
उत्तरकाशी।।जनपद में इस समय गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा पर बड़ी संख्या में चारधाम यात्री आ रहे हैं और यात्रा लगातार बड़े सबाब पर चल रही है।अब तक 3 लाख 30 हजार श्रद्धालु दोनों धामों के दर्शन कर चुके है।चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस-प्रशासन मुस्तैद है।चारधाम में बढ़ती श्रद्धालु संख्या की संख्या को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने आज रविवार को यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने यमुनोत्री यात्रा के अंतिम पड़ाव जानकीचट्टी पहुंचकर पुलिस एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा का संचालन पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुचारु रखा जाए।यात्रा मार्ग पर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था के साथ स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति आदि व्यवस्थाओं की अद्यतन जानकारी ली गई, सभी सेवाएं सुचारु रूप से संचालित रखने तथा यात्रा से जुडे सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं यात्रा के निर्देश दिये।
पुलिस अधीक्षक ने सिलक्यारा राड़ी टॉप, ओरछा बैंड तथा पालीगाड़ से जानकीचट्टी के मध्य संकरे मार्गों पर यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने एवं प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।दोबाटा यात्री पंजीकरण केंद्र के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा केंद्र पर आने-जाने वाले प्रत्येक श्रद्धालु का रिकॉर्ड रजिस्टर में व्यवस्थित एवं सही तरीके से दर्ज करने तथा संदिग्ध गतिविधियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर लगातार सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिये गये। श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पंजीकरण एवं मेडिकल प्रक्रिया को कम से कम समय में पूर्ण करने, अनावश्यक भीड़ एवं प्रतीक्षा से बचाने तथा सभी श्रद्धालुओं के साथ सौम्य, सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यमुनोत्री धाम के अंतिम पड़ाव जानकीचट्टी में सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं का विस्तृत समीक्षा करने के उपरान्त पुलिस अधिकारियों की मीटिंग लेकर CCTV कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने, पार्किंग व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित एवं सुदृढ़ करने तथा अपराध नियंत्रण एवं भीड़ प्रबंधन को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने हेतु घोड़ा-खच्चर तथा डंडी-कंडी संचालन को रोटेशन प्रणाली के तहत संचालित करने के निर्देश दिए गए, ताकि अनावश्यक भीड़ एवं अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। यमुनोत्री पैदल मार्ग पर बढ़ती श्रद्धालु संख्या को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने, भीड़ नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम करने एवं सुरक्षित, सहज, व्यवस्थित यात्रा हेतु अधिकारियों को अलर्ट मोड में कार्य करने के निर्देश दिए गए।इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक तपेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक बड़कोट सुभाष चंद्र, निरीक्षक राजेन्द्र सिंह, निरीक्षक देवेन्द्र सिंह, निरीक्षक यातायात ललित मोहन देवडी, थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत, यातायात उपनिरीक्षक विरेंद्र पंवार, चौकी प्रभारी जानकीचट्टी राजेश कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।








No comments:
Post a Comment