Big breaking-शीतकाल के लिए बंद हुए केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट,अपने अपने शीतकालीन गद्दी स्थलों के लिए रवाना हुई उत्सव डोली - PiyushTimes.com | Uttarkashi News

ब्रेकिंग न्यूज़



Wednesday, November 11, 2026

Big breaking-शीतकाल के लिए बंद हुए केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट,अपने अपने शीतकालीन गद्दी स्थलों के लिए रवाना हुई उत्सव डोली

Big breaking-शीतकाल के लिए बंद हुए केदारनाथ और  यमुनोत्री धाम के कपाट,अपने अपने शीतकालीन गद्दी स्थलों के लिए रवाना हुई उत्सव डोली





उत्तरकाशी।। जनपद में विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट भैया दूज के पावन पर्व पर शीतकाल के लिए आज सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर बंद हो गए हैं। मां यमुना की पूजा-अर्चना के बाद पूरी विधि-विधान के साथ यमुनोत्री धाम के कपाट बंद हुए।कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली अपने भाई सोमेश्वर देवता (शनिदेव) की अगुवाई में हजारों श्रद्धालुओं के साथ यमुनोत्री धाम से खरसाली (खुशीमठ) के लिए रवाना हुई। इससे पूर्व आज सुबह मां यमुना के भाई शनिदेव अपनी बहन को लेने खरसाली से यमुनोत्री धाम पहुंचे थे। भाई-बहन के इस दिव्य मिलन को देखने के लिए धाम में हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे। भैया दूज के पावन पर्व पर भाई द्वारा बहन को मायके ले जाने की यह परंपरा सदियों से चली आ रही है।मां यमुना अब अपने शीतकालीन प्रवास खरसाली (खुशीमठ) में आगामी शीतकाल के लिए श्रद्धालुओं को दर्शन देंगी। आगामी 6 माह तक श्रद्धालु खरसाली में ही मां यमुना की पूजा-अर्चना और दर्शन कर सकेंगे। इस वर्ष यमुनोत्री धाम में 8 लाख 84 हजार से भी अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।




रुद्रप्रयाग।। जनपद के विश्व प्रसिद्ध 11वें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ धाम के कपाट भैया दूज के पावन पर्व पर आज सुबह 8:30 बजे विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद हो गए। परंपरा के अनुसार कपाट बंद होने की प्रक्रिया सुबह 4 बजे से शुरू हुई। सबसे पहले बाबा केदार की समाधि पूजा संपन्न कराई गई। इसके बाद गर्भगृह में अखंड ज्योति प्रज्वलित कर मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने से पहले मंगलवार रात को मंदिर में समाधि पूजन सहित विभिन्न धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया गया था।कपाट बंद होने के अंतिम दिन मंदिर परिसर को 18 से 20 क्विंटल रंग-बिरंगे ताजे फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। अंतिम दिन भी धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और आखिरी संध्याकालीन आरती का भव्य नजारा देखने को मिला। कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हुई, जहां आगामी छह महीनों तक उनकी नियमित पूजा-अर्चना संपन्न होगी।आज डोली केदारनाथ धाम से प्रस्थान कर रामपुर पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। इसके बाद 12 नवंबर को डोली रामपुर से गुप्तकाशी के लिए प्रस्थान करेगी और 13 नवंबर को सुबह ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी।इस वर्ष केदारनाथ धाम में 19 लाख से भी अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। कपाट बंद होने के कार्यक्रम को देखते हुए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा मंगलवार को केदारनाथ धाम पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।शीतकाल के दौरान बाबा केदार की पूजा-अर्चना ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होगी। वहीं 12 नवंबर से शीतकालीन चारधाम यात्रा शुरू होगी।

No comments:

Post a Comment

Note: Only a member of this blog may post a comment.