उत्तरकाशी-पुलिस की बड़ी कार्रवाई निवेश पर अधिक मुनाफा और जमा पूंजी दोगुनी करने का झांसा देकर 60 लाख से अधिक रुपये की धोखाधड़ी करने वाला वित्तीय संस्था के संचालक को किया गिरफ्तार
उत्तरकाशी।।जनपद मुख्यालय कोतवाली पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से ज्वालापुर, हरिद्वार स्थित किराये के मकान से अभियुक्त को गिरफ्तार किया।निवेश पर अधिक ब्याज, भारी मुनाफे और जमा पूंजी को दोगुना करने का लालच देकर लोगों की मेहनत की कमाई हड़पने के मामले में उत्तरकाशी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस टीम ने ‘श्री समृद्धि उत्सव बैंक’ नाम से वित्तीय संस्था का संचालन करने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।अभियुक्त पर निवेशकों से करीब 60 से 70 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
सितम्बर 2026 में कोतवाली उत्तरकाशी में ‘श्री समृद्धि उत्सव बैंक’नामक वित्तीय संस्था के संचालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) तथा BUDS एक्ट की धारा 3, 21(2) एवं 21(3) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था।वित्तीय संस्था में कार्यरत एक महिला कर्मचारी/मैनेजर की तहरीर पर यह मुकदमा दर्ज किया गया।मैनेजर द्वारा बताया गया कि उत्सव अग्रहरी पुत्र सत्यनारायण अग्रहरी, निवासी वार्ड नंबर 10, नेहरू नगर, सैयदराजा बरहनी, जनपद चंदौली उत्तर प्रदेश द्वारा मार्च 2024 में ज्ञानसू में ‘श्री समृद्धि उत्सव बैंक’ के नाम से एक वित्तीय संस्था संचालित की गई थी। आरोप है कि संस्था के माध्यम से लोगों को अधिक ब्याज दर पर मुनाफा देने और जमा पूंजी को दोगुना करने का प्रलोभन देकर निवेश कराया गया। शुरुआत में कुछ लोगों को अच्छा मुनाफा देकर अन्य लोगों का विश्वास जीता गया। इसके बाद निवेशकों से करीब 60–70 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त कर कथित तौर पर धोखाधड़ी कर अभियुक्त फरार हो गया।
वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय द्वारा संबंधित अधिकारियों को अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी एवं मामले में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दिनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए लेनदेन एवं अन्य तकनीकी साक्ष्य एकत्रित कर प्रभावी कार्रवाई करते हुए आज दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को अभियुक्त उत्सव अग्रहरी को ज्वालापुर, हरिद्वार स्थित उसके किराये के मकान से गिरफ्तार कर लिया गया है। अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में पुलिस टीम, उ0नि0 दिलमोहन सिंह, हे0का0 नितिन प्रताप,का0 ललित प्रसाद मौजूद रहे।
उत्तरकाशी पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी वित्तीय संस्था,बैंक अथवा निवेश योजना में धनराशि जमा करने से पहले उसकी वैधता,पंजीकरण एवं विश्वसनीयता की भली-भांति जांच अवश्य करें।अधिक ब्याज,भारी मुनाफे अथवा कम समय में जमा पूंजी दोगुनी करने के प्रलोभन में आकर अपनी मेहनत की कमाई निवेश न करें। साथ ही, साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहें तथा किसी भी अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और न ही अपनी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी, ओटीपी अथवा पिन किसी के साथ साझा करें। यदि आप साइबर धोखाधड़ी के शिकार होते हैं, तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत करें।



No comments:
Post a Comment
Note: Only a member of this blog may post a comment.