उत्तरकाशी-NIM में शुरू हुई राज्य स्तरीय स्पीड क्लाइंबिंग प्रतियोगिता,तीन दिन तक दिखेगा रोमांच जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों को दिया जीत का मंत्र
उत्तरकाशी।।जनपद में खेल महाकुंभ मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) में राज्य स्तरीय स्पीड क्लाइंबिंग प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, और NIM के प्रधानाचार्य कर्नल एसएस राजपुरोहित द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के प्रधानाचार्य ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्पीड क्लाइंबिंग ओलंपिक स्तर की प्रतियोगिता है और इस खेल में उत्तराखंड में बेहतर संभावनाएं हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान ने कहा कि खेल महाकुंभ के अंतर्गत पहली बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन जनपद उत्तरकाशी में किया जा रहा है, जो जनपद के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि स्पीड क्लाइंबिंग में अनुशासन के साथ-साथ एकाग्रता सबसे जरूरी है।
-:जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों को दिया जीत का मंत्र।।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि "स्पीड क्लाइंबिंग सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आपके फोकस, मानसिक मजबूती, एकाग्रता और सेकंड के सौवें हिस्से में सही निर्णय लेने की क्षमता की परीक्षा है।जिलाधिकारी ने कहा कि इस अद्भुत खेल से हमें जीवन की तीन बड़ी सीख मिलती हैं।
1-:नजर हमेशा अगले कदम पर हो।
2-:गिरने से कभी मत डरो।
3-:खुद से मुकाबला करो।
डीएम ने कहा कि इस खेल में उतरने वाला हर प्रतिभागी विजेता है। विजेता वह नहीं जो मेडल जीतेगा, बल्कि विजेता वो होता है जो ऊंची दीवार को देख उसे फतह करने के लिए पहला कदम उठाता है।
-: प्रतियोगिता में अंडर-14 और 19 आयु ओपन वर्ग तक के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा।।
प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-19 आयु वर्ग के बालक/बालिका एवं 20-25 ओपन महिला वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। यह प्रतियोगिता लगातार 03 दिन तक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेश भर के चयनित खिलाड़ी अपनी गति और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी आदर्श पंत, संदीप राणा, प्रवेश पैन्यूली, लोकेन्द्र नेगी, व्यायाम प्रशिक्षक सचिन रावत, निर्णायक अजय नोटियाल, खेल प्रशिक्षक अमित राणा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और अधिकारी मौजूद रहे।






No comments:
Post a Comment
Note: Only a member of this blog may post a comment.