उत्तरकाशी-वतन वापसी की राह आसान, अब तक 1 करोड़ 60 लाख जुटे, लोदाडा ग्राम सभा ने भी बढ़ाया मदद का हाथ
-:मुख्यमंत्री धामी ने भी की 2 लाख की मदद, सऊदी में सड़क हादसे के बाद लगा था ढाई करोड़ का जुर्माना।।
उत्तरकाशी।।सऊदी अरब में फंसे उत्तरकाशी जनपद गजना पट्टी के इंद्रमणि नौटियाल की वतन वापसी के लिए उत्तराखंड में मानवता की मिसाल देखने को मिल रही है। जनपद के गाजणा पट्टी के ग्राम सभा गोरसाडा के निवासी इंद्रमणि नौटियाल को वतन वापस लाने के लिए विभिन्न सामाजिक संगठन, जनप्रतिनिधि और ग्राम सभाएं लगातार सहयोग कर रही हैं। इस मुहिम में अब तक लगभग 1 करोड़ 60 लाख रुपये की धनराशि एकत्रित हो चुकी है।प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी है।
बताया जा रहा है कि इंद्रमणि नौटियाल वर्ष 2018 में रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब गए थे। इंद्रमणी नौटियाल सऊदी अरब में ट्रक चालक के रूप में काम करते थे। ट्रक चलाते समय वहां एक सड़क दुर्घटना हो गई थी। इस हादसे के बाद सऊदी सरकार और वहां की अदालत ने उन पर भारतीय मुद्रा में लगभग ढाई करोड़ रुपये का अर्थदंड लगाया है। जुर्माना न भर पाने के कारण वह पिछले कुछ साल से वहीं फंसे हुए हैं।इंद्रमणि की वतन वापसी के लिए उनके परिवार एवं अंतर्राष्ट्रीय समाज सेवक रोशन रतूड़ी द्वारा चलाई जा रही मुहिम को अब जन-आंदोलन का रूप मिल गया है। इसी कड़ी में बीते रविवार को ग्राम पंचायत लोदाडा की ओर से 33,651 रुपये की सहयोग राशि उनके परिवार को सौंपी गई।
युवा प्रगति मंच लोदाडा और समस्त ग्रामवासियों - कृष्णा सिंह राणा, सामाजिक कार्यकर्ता सोहन बुटोला, डब्बल सिंह राणा, गंगा सिंह राणा, चन्दन सिंह राणा, देव सिंह राणा, गोबर सिंह राणा, खुशहाल सिंह बिष्ट सहित सभी सम्मानित ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया।इंद्रमणि नौटियाल की पुत्री दीपिका नौटियाल ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए लोगों से इस मुहिम में साथ देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आप सभी के सहयोग से ही मेरे पिता की वतन वापसी संभव हो पाएगी। परिवार ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही सभी के सहयोग से पूरी धनराशि एकत्रित हो जाएगी और इंद्रमणि सकुशल अपने घर लौट आएंगे।




No comments:
Post a Comment
Note: Only a member of this blog may post a comment.